छत्तीसगढ़
रायगढ़/स्वराज टुडे: कलेक्टर रायगढ़ के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोइंग में ‘राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
जनपद अध्यक्ष और सरपंच ने की दवा सेवन की अपील
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता शुकलाल चौहान ने नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि, “सरकार द्वारा फाइलेरिया से बचाव की दवा साल में एक बार घर-घर जाकर मुफ्त दी जाती है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है, सभी प्रभावित क्षेत्रों के नागरिक स्वयं और अपने परिवार के बचाव के लिए इसका सेवन अवश्य करें।”
विशिष्ट अतिथि लोइंग सरपंच श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता ने स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर देते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि, “दवा देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के घर आने पर उनके सामने ही दवा खाना सुनिश्चित करें। जनभागीदारी से ही हम अपने गांव को फाइलेरिया मुक्त बना सकते हैं।”
2030 तक फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य
कार्यक्रम में श्रीमती कविता कसेरा ने बताया कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। रुके पानी में पनपने वाले मच्छर स्वस्थ व्यक्ति को काटकर उसे हाथीपांव या हाइड्रोसील जैसी लाइलाज बीमारी दे सकते हैं। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वर्ष 2030 तक हमें फाइलेरिया को पूर्ण रूप से भगाना है।
निर्धारित खुराक
दवाओं की खुराक (सरल शब्दों में):
अभियान के दौरान डी.ई.सी., एलबेंडाजोल और ईवरमेक्टिन की दवाएं निम्नानुसार दी जा रही हैं:
▪️2 साल से कम: दवा नहीं खानी है।
▪️2 से 5 वर्ष: 1 गोली डी.ई.सी., 1 गोली एलबेंडाजोल और 90-119 सेमी ऊंचाई होने पर 1 गोली ईवरमेक्टिन।
▪️6 से 14 वर्ष: 2 गोली डी.ई.सी., 1 गोली एलबेंडाजोल और 120-157 सेमी ऊंचाई होने पर 2 से 3 गोली ईवरमेक्टिन।
▪️15 वर्ष से ऊपर: 3 गोली डी.ई.सी., 1 गोली एलबेंडाजोल और 158 सेमी (5 फिट 2 इंच) से अधिक ऊंचाई होने पर 4 गोली ईवरमेक्टिन।
महत्वपूर्ण निर्देश
बी.एम.ओ. डॉक्टर जायसवाल ने जानकारी दी कि डी.ई.सी. की गोली खाली पेट न लें और एलबेंडाजोल चबाकर खाएं। दवा के बाद होने वाले मामूली सिरदर्द या खुजली से घबराएं नहीं, यह शरीर में परजीवियों के मरने की प्रतिक्रिया है। गर्भवती महिलाएं और गंभीर बीमार व्यक्ति यह दवा न लें।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर WHO मॉनिटर विजय कुर्रे, डॉ. मनोज पटेल, डॉ. संयोगिता भगत, बीपीएम वैभव डियोडिया, बीएएम पवन प्रधान, बीडीएम योगेश यादव एवं समस्त स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा।
यह भी पढ़ें: गर्भवती पाई गईं सैकड़ों नाबालिग लड़कियां, इंस्टा-फेसबुक से पनपा प्यार, माता-पिता समेत 300 लोगों पर केस दर्ज

Editor in Chief





















