छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा-चाम्पा सड़क मार्ग स्थित उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर विगत रात्रि एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हो गई। उक्त हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और तीन बार पलट गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने क्या कहा
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे।
चारों लोग गुरुवार रात लगभग साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई।
खाई में गिरकर तीन बार पलटी कार
निर्माणाधीन लेन में उतरते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में गिर गई। गिरने के बाद वाहन तीन बार पलटा। हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
दो घायलों का चिकित्सालय में उपचार जारी
उक्त घटना दुर्घटना में भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर घायल हो गए। पीछे से आ रहे मित्रो ने पुलिस को सूचना दिए बिना दोनों घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: अभियान चलाकर दो दिनों में 76 चाकुबाज़ो एवं आदतन बदमाशों को थाना लाकर किया गया तस्दीक
यह भी पढ़ें: मां-बाप, भाई ने पकड़ा हाथ-पैर और बीवी ने दबा दिया गला, 9 साल अफेयर के बाद दो महीने पहले हुई थी शादी

Editor in Chief



















