What is Gastric Headache: क्या आपने कभी ऐसा महसूस किया है कि आपको गैस बनी हो फिर कुछ ही देर बाद सिर में दर्द होना शुरु हो गया हो। जी हां सिर दर्द को लोग अक्सर लोग केवल थकान, तनाव या नींद की कमी से जोड़ते हैं, लेकिन कई बार इसका कारण पेट से जुड़ी समस्या खासकर गैस भी हो सकती है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार पाचन तंत्र की गड़बड़ी शरीर के कई हिस्सों को प्रभावित करती है, और कुछ परिस्थितियों में गैस बनने से सिरदर्द की शिकायत भी देखने को मिलती है। मेडिकल फील्ड की भाषा में इसे गैस्ट्रिक हैडेक भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से…
गैस और सिरदर्द का क्या संबंध है?
जब पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है तो पेट में गैस, पेट में भारीपन, एसिडिटी तथा ब्लोटिंग जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इससे शरीर में असहजता बढ़ती है, जो सीधे तौर पर नर्वस सिस्टम को प्रभावित कर सकती है। इसके कारण कई लोगों में असहजता तनाव और बेचैनी बढ़ाती है, जिससे कुछ लोगों को सिरदर्द ट्रिगर हो सकता है। हालांकि हर बार सिरदर्द का कारण गैस नहीं होता है। लेकिन यदि सिर दर्द के साथ पेट फूलना, सीने में जलन, अपच जैसी समस्याएं हो रही हों, तो समझ लें कि इसका कारण गैस हो सकती है।
क्यों होती है गैस की समस्या?
पेट में गैस बनने के कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। जिसमें अनियमित भोजन, देर रात खाना, तला-भुना और मसालेदार खाना अधिक मात्रा में लेना, पानी कम पीना और लंबे समय तक खाली पेट रहना शामिल है। ये सभी आदतें गैस बनने की संभावना को बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा लगातार तनाव और कम शारीरिक गतिविधि भी हमारे पाचन को प्रभावित करती है, जिससे गैस और पाचन से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
गैस बनने से बचाव के उपाय
- गैस बनने से बचाव के लिए समय पर भोजन करें। खाने के बीच लंबे गैप से बचें और हल्का, संतुलित भोजन लें।
- आपको रोजाना 2-3 लीटर पानी पीना चाहिए। दिनभर में पर्याप्त पानी पीने से पाचन बेहतर रहता है।
- डेली हल्की एक्सरसाइज करना भी आपको गैस की समस्या से बचा सकता है। रोजाना 20-30 मिनट टहलना या योग करने से समस्या में राहत मिल सकती है।
- खाने में ज्यादा तला-भुना, फास्ट फूड और अत्यधिक चाय-कॉफी का सेवन न करें ये सभी चीजें गैस बनाती हैं।
- तनाव भी हमारे पाचन तंत्र को बुरी तरह प्रभावित करता है, जिससे आपको धीरे-धीरे गैस की समस्या हो सकती है। इसलिए तनाव को कम करने लिए मेडिटेशन जरूर करें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Editor in Chief




















