उत्तरप्रदेश
गोरखपुर/स्वराज टुडे: गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के दो सगे भाइयों की मुंबई के मालेगांव में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आक्रोशित स्वजन कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें समझाकर अंतिम संस्कार कराया।
मालेगांव में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करते थे दोनों भाई
हरदिया निवासी स्व. भोला साहनी के पुत्र 30 वर्षीय अनीस साहनी और 25 वर्षीय निखिल साहनी मुंबई के मालेगांव में अपने चाचा दुर्गेश के साथ पेंट-पॉलिश का काम करते थे। सात अप्रैल की रात दोनों भाई अपने किराए के कमरे में सो रहे थे, जबकि चाचा दूसरे कमरे में थे। आरोप है कि देर रात अज्ञात बदमाश कमरे में घुस आए और दोनों भाइयों पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों भाइयों के चीखने की आवाज सुनकर चाचा दुर्गेश बाहर निकलना चाहते थे, लेकिन कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी।
किसी तरह अनीस ने गंभीर हालत में उठकर कुंडी खोली, लेकिन इसके बाद वह बेहोश हो गया। दुर्गेश ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों का शव गांव पहुंचा तो मातम छा गया।
दोस्त की संदिग्ध भूमिका
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना की रात बस्ती का रहने वाला राजा अहमद दोनों भाइयों के साथ उस कमरे में था। जब हमलावरों ने दरवाजा खटखटाया तो उसने ही कमरे की कुंडी खोली थी। इस घटना के बाद से हमलावरों के साथ-साथ राजा भी फरार है। ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद ही घटना की सही वजह निकलकर सामने आएगी।
सख्त कार्रवाई की माँग को लेकर परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार
परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय और चौकी प्रभारी अजय सिंह ने परिजनों को समझाया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया। दोनों भाइयों को मुखाग्नि उनके दादा रामाश्रय निषाद ने दी। अनीस की शादी हो चुकी थी और उसका एक बच्चा है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है। छोटे भाई निखिल की अभी शादी नहीं हुई थी।
प्रवासियों में दहशत
बहरहाल इस घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने उन प्रवासी लोगों के मन में दहशत पैदा कर दी है जो कमाने खाने और बेहतर जिंदगी की तलाश में अन्य राज्यों में जाते हैं

Editor in Chief





