असम/स्वराज टुडे: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम के बिस्वनाथ में चुनावी रैली के दौरान सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर भ्रष्टाचार और परिवार को इसमें शामिल करने के आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर कानूनी कार्रवाई करेगी। राहुल गांधी ने असम को विविधता से भरा राज्य बताते हुए सभी समुदायों को इसकी ताकत बताया और बीजेपी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया।
असम विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने बिस्वनाथ में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के सीएम पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार को भ्रष्टाचार में शामिल करके बड़ी गलती की है। अब उनके परिवार को भी आरोपों का सामना करना पड़ेगा और कांग्रेस सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को माफी मांगने पर भी नहीं छाड़ेंगे और जेल भेजकर दम लेंगे।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने दिया करारा जवाब
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विवादित बयान पर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है! सरकार नहीं है, फिर भी कहते हैं कि मैं अरेस्ट करूंगा। वो क्या सीएम हैं, या पीएम हैं, कैसे अरेस्ट करेगा ? उन्हें गिरफ्तार करने के लिए गांधी परिवार को दूसरा जन्म लेना पड़ेगा । उन्होंने ये भी कहा कि अगर विपक्ष “मियां जिंदाबाद” बोलेगा, तो हम “असमिया जिंदाबाद” कहेंगे।
4 मई को पता चलेगा असम का कौन होगा मुख्यमंत्री
इस तरह की बयान बाजी के बाद असम का सियासी माहौल और गरमा गया है । आपको बता दें कि असम विधानसभा चुनाव 2026 के कार्यक्रम का ऐलान 15 मार्च 2026 को कर दिया गया था। इसी के साथ सत्तारूढ़ और विपक्षी पार्टियों द्वारा ना केवल धुआंधार आमसभा और रैलियां का आयोजन किया जा रहा है बल्कि एक दूसरे पर तीखा हमला भी बोला जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, यहां चुनाव एक चरण मेंं होगा. मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी । यानी 4 मई को चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी कि असम की सत्ता की कुर्सी पर कौन विराजमान होगा ।
यह भी पढ़ें: Ambikapur: पत्रकार ने मांगी सुरक्षा, जान से मारने की साजिश का लगाया आरोप

Editor in Chief






