
छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: गेवरा-कोरबा-चांपा के बीच एक-एक कर सभी रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अंडरब्रिज और ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। राज्य शास्सन ने मड़वारानी, पताढ़ी और बालपुर अंडरब्रीज निर्माण की मंजूरी दे दी हैं। अभी तक दो स्थानों कोरबा व उरगा में ओवरब्रिज बना है। इमलीछापर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है।
रेलवे प्रबंधन भी कोरबा रेलवे क्रॉसिंग के फाटकों को बंद करने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए गति शक्ति यूनिट के नाम से अलग विंग भी बनाई है। इससे रेलवे फाटक में कर्मचारियों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। लोगों को भी फाटक खुलने का इंतजार नहीं रहेगा। इसके लिए यातायात के हिसाब से योजना बनाई जा रही है। शहरी क्षेत्र में ओवरब्रीज के साथ अंडरब्रिज बनाने की योजना है। शहर में ओवरब्रिज का निर्माण राज्य शासन ने किया है।
इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत ग्राम उरगा से ग्राम हाटी के बीच भैसमा रेलवे क्रॉसिंग पर पीडब्ल्यूडी की सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण कराया है। इमलीछापर कुसमुंडा में एसईसीएल के सीएसआर मद से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है।
इसी तरह संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर खनिज न्यास मद और रेलवे के संयुक्त फंड से अंडरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी मंजूरी मिलने के साथ ही प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण ने निविदा के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। पताढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को पारकर ग्रामीण बस्ती पहुंचते हैं। इसलिए यहां अंडरब्रिज का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। इसी तरह मड़वारानी रेलवे क्रॉसिंग पर सबसे अधिक व्यस्त यातायात रहता है।
सरगबुंदिया और सुखरीकला फाटक को अगले चरण में किया गया है शामिल
सरगबुंदिया और सुखरीकला रेलवे फाटक भी अगले चरण में शामिल है। दोनों ही मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इन स्थानों पर ओवरब्रिज की मांग भी हो चुकी है। रेलवे लाइन के विस्तार की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे लोगों का विरोध भी नहीं होगा।
अंडरब्रिज में ऊंचाई कम होने से नहीं गुजर पाते हैं भारी वाहन
अंडरब्रिज की ऊंचाई बहुत कम होती है। इस वजह से भारी वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाती है। इसमें केवल छोटे वाहन गुजर सकते हैं। इसी वजह से सोहागपुर रेलवे फाटक के पास अंडरब्रिज को ही बंद करना पड़ गया। रेलवे की इस योजना का लाभ लोगों को जरूर मिलेगा।
सिवनी उमरेली मार्ग पर भी किया जाएगा अंडरब्रिज का निर्माण
कोरबा जिले की सीमा पर बसे सिवनी से उमरेली मार्ग पर भी रेलवे क्रॉसिंग है। यहां पर भी अंडरब्रिज बनाने के लिए रेलवे तैयारी कर रही है। इस मार्ग से होकर लोग सक्ती की ओर आवाजाही करते हैं। इसके कारण भी यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसके आगे से ही राष्ट्रीय राजमार्ग की फोरलेन सड़क गुजरी है।
इमलीडुग्गू व बरबसपुर में ओवरब्रिज के लिए हो चुका सर्वे, रेलवे ने दिया प्रस्ताव
कोरबा शहर के इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग व बरबसपुर रिंग रोड पर यातायात का सबसे अधिक दबाव रहता है। दोनों ही मार्ग पर भारी वाहन गुजरते हैं। इस वजह से ओवरब्रिज बनाने के लिए बोरिंग और सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इमलीडुग्गू में अंडरब्रिज का निर्माग भी कराया जाएगा। रेलवे प्रबंधन इसका प्रस्ताव दे चुकी है। इस वजह से नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा।
रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनाने करेंगे सर्वे : एसडीओ ए.के. जैन
पीडब्ल्यूडी सेतु निगम के एसडीओ ए.के. जैन का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनाने मंजूरी मिली है। इसके लिए सर्वे करेंगे। ओवरब्रिज के लिए भी प्रक्रिया चल रही है। रेलवे प्रबंधन भी इसमें सहयोग कर रही है। ओवर ब्रिज और अंडरब्रिज बनने के बाद रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: वक्फ कानून का समर्थन कर रहे थे भाजपा नेता असकर अली, गुस्साई भीड़ ने घर में लगा दी आग
यह भी पढ़ें: ‘मुसलमान RSS तभी ज्वॉइन कर सकते हैं जब वे…’, मुस्लिमों के लिए मोहन भागवत ने रख दी यह शर्त

Editor in Chief