उत्तरप्रदेश
आगरा/स्वराज टुडे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार को आगरा शहर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सुबह 10.10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे अमर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा और संघ की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद यथार्थ सुपरस्पेशिलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ करेंगे।
साढ़े तीन घंटे शहर में रहेंगे सीएम
मुख्यमंत्री शहर में साढ़े तीन घंटे रहेंगे। केंद्रीय हिंदी संस्थान मैदान में हेलीपैड बनाया गया है। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से आगरा से मथुरा के लिए रवाना होंगे। उधर, मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। नगर निगम की टीम ने एमजी रोड और नेशनल हाईवे-19 के आसपास कुत्तों और बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। कई जगहों पर सड़कों की मरम्मत भी की गई।
सुबह पहुंचेंगे खेरिया एयरपोर्ट, सीधे अमर कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से राजकीय वायुयान से शनिवार सुबह 10.10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा और वह सीधे अमर कन्वेंशन सेंटर, होटल अमर के पास आयोजित बैठक में पहुंचेंगे जहां दोपहर 12.50 बजे तक रहेंगे फिर सिकंदरा स्थित यथार्थ सुपरस्पेशिलिटी हॉस्पिटल पहुंचेंगे। दोपहर 1.10 बजे हॉस्पिटल का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 1.45 बजे केंद्रीय हिंदी संस्थान के मैदान में बनाए गए हेलीपैड में पहुंचेंगे।
मथुरा के लिए होंगे रवाना
हेलीकाप्टर से मथुरा के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शुक्रवार को डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बैठक की। सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए बुकलेट तैयार की गई। नगर निगम की टीम ने टाटा गेट एयरपोर्ट, फतेहाबाद रोड, खंदारी, शाहगंज, एमजी रोड में विशेष अभियान चलाया। होर्डिंग्स और बैनर उतरवाए गए। मुख्यमंत्री के रूट में डिवाइडरों की रंगाई-पुताई का भी कार्य किया गया।
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने संबंधित रूट का निरीक्षण किया। निगम की टीम ने दो दर्जन कुत्ते और बेसहारा पशुओं को भी पकड़ा। कई सड़कों में गड्ढों को भरने का भी कार्य किया गया।

Editor in Chief








