छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: पुलिस प्रशासन द्वारा जिले की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाता है । बावजूद इसके कुछ वाहन चालक की लापरवाही की सारी हदें पार कर जाते हैं। वे दूसरों के साथ खुद की जान को भी ताक पर रख देते हैं।
Drunk and drive का ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनालिया चौक का है जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू कार सडक़ छोडक़र मोबाइल शॉपी की दुकान में जा घुसी। इससे दुकान के सामने का हिस्सा और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया । घटना दिन में लगभग साढ़े 11 बजे घटी जब मार्ग काफी व्यस्त रहता है लेकिन देवयोग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं आयी। उधर कोतवाली पुलिस ने कार सवार बबलू प्रजापति सहित तीन नशेड़ी युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले की पासिंग गाड़ी संख्या सीजी-11एडी-6633 कोरबा शहर से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर आ रही थी। इसमें ड्राइवर सहित तीन युवक सवार थे। राताखार निवासी बबलू प्रजापति इस गाड़ी को चला रहा था। उसके साथ दो अन्य युवक किंटू केंवट और रामकुमार भी इसमें सवार थे। खबर के अनुसार तीनों नशे की हालत में थे। एसएस प्लाजा काम्प्लेक्स से कुछ दूर आगे पहुंचकर यह कार सडक़ छोड़ते हुए बाएं तरफ मोबाइल शॉपी नामक दुकान में जा घुसी। बाहरी हिस्से के दरवाजे और ग्लास को तोडऩे के साथ यह रूक गई। इस घटना में दुकान के कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं कार के सामने का पहिया भी प्रभावित हुआ और इसका शीशा भी चकनाचूर हो गया। गनिमत यह रही कि इस गाड़ी के पीछे चलने वाले लोग सतर्क रहे जो अनहोनी से सुरक्षित बचे। जल्द ही यहां पर लोगों की भीड़ लग गई। दुकान संचालक दीपक साहू द्वारा खबर दिए जाने पर कोतवाली टीआई एमबी पटेल टीम के साथ यहां पहुंचे। इससे पहले कि तमाशा होता, कार सवार तीनों युवकों को पुलिस ने कब्जे में लिया और कोतवाली लेकर गई। उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के अलावा बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे मामलों में लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्यवाही
इससे पहले जिले में पुलिस के द्वारा अभियान चलाते हुए लापरवाह चालकों के विरूद्ध धारा 283 के अंतर्गत कार्यवाही की गई। उस पर कोर्ट की ओर से पेनाल्टी लगाई गई जबकि पुलिस की अनुशंसा पर परिवहन विभाग ने चालकों के लाइसेंस को 6 महीने के लिए सस्पेंड किया। ऐसी ही कार्यवाही हालिया घटनाक्रम में की जानी है।
यह भी पढ़ें: Telangana: पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ा, पुलिस की मौजूदगी में काट दिया गला, पढ़िए दिल दहला देने वाली खबर

Editor in Chief





