Featuredकोरबा

समारोह में शामिल होने आई महिला पर आवारा घोड़े ने किया हमला..हुई मौत, पति ने किसी तरह बचाई अपनी जान

Spread the love

छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिले के नेहरू नगर क्षेत्र में आवारा घोड़े के हमले में महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस जा रही थी। इस दौरान एक आवारा घोड़े ने उस पर हमला कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार रामवती बरमकेला से नेहरू नगर में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शादी के बाद महिला अपने परिजनों के साथ बालको बस स्टैंड के पास जा रही थी। इसी दौरान एक आवारा घोड़े ने महिला को जोरदार लात मार दी। आवारा घोड़े के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन महिला की जान नहीं बच सकी और उसकी मौत हो गई।

बस स्टैंड के लिए निकले थे पति-पत्नी

मृतका के पति देवीनंद ने बताया कि उसके साले की शादी बालको में थी। कुछ दिन पहले पति-पत्नी दोनों बरमकेला से कोरबा के बालको नेहरू नगर में आए थे। वो अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बालको से अपने घर बरमकेला जाने के लिए बस स्टैंड जा रहे थे। इसी दौरान दो आवारा घोड़े तेजी से उनकी तरफ दौड़ते हुए आए और सीधे उन पर हमला कर दिया।

देवीनंद ने बताया कि वो तो जैसे-तैसे वहां से भागने में कामयाब हो गया, लेकिन पत्नी रामवती को घोड़े ने जोरदार लात मार दी, जिससे वो जमीन पर गिर गई। इसके बाद भी घोड़े ने हमला करना जारी रखा, इससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने आवारा घोड़ों को भगाया। घटना के बाद उसकी पत्नी बेहोश पड़ी हुई थी। लोगों ने घटना की सूचना डायल 108 को दी। महिला को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजूर ने बताया कि मृतका के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Deepak Sahu

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button